AAtal One

मऊगंज में 12वीं की छात्रा की मौत का मामला: लूट के लिए चाकू दिखाया, विरोध पर पहाड़ी से धकेलने का आरोप; 4 आरोपी फरार

शालिनी साकेत की 17 नवंबर को देवलहा जलप्रपात के पास मौत हुई थी। पिता ने पहले रिश्तेदार विकास पर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में लकी खान और उसके तीन साथियों की भूमिका सामने आई है।

Jansampark Time News DeskNov 29, 2026 2 min read
मऊगंज में 12वीं की छात्रा की मौत का मामला: लूट के लिए चाकू दिखाया, विरोध पर पहाड़ी से धकेलने का आरोप; 4 आरोपी फरार

मध्यप्रदेश के मऊगंज में 12वीं की छात्रा शालिनी साकेत (21) की मौत के मामले में 12 दिन बाद पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, शालिनी अपने रिश्तेदार विकास साकेत (23) के साथ देवलहा जलप्रपात के पास महाकाल मंदिर घूमने गई थी। इसी दौरान लकी खान अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों ने चाकू दिखाकर दोनों से 10 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर उन्हें समदा नाला के जंगल में ले जाकर पहाड़ी की खाई में धकेल दिया।

ऊंचाई से गिरने के कारण शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी लकी खान और उसके तीन साथियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित धाराओं में केस दर्ज किया है। चारों आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

शुरुआत में सामने आई थीं दो अलग-अलग कहानियां

शालिनी की मौत के बाद मामले में दो अलग-अलग बातें सामने आई थीं। शालिनी के पिता विष्णु प्रसाद साकेत ने रिश्तेदार विकास पर एकतरफा प्यार में बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि विकास शालिनी पर शादी का दबाव बना रहा था और उसकी शादी कहीं दूसरी जगह नहीं होने देना चाहता था।

दूसरी ओर, घायल विकास ने दावा किया था कि चार लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर लूटपाट की और फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे। उसके मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों को पहाड़ी से नीचे धकेल दिया था। अब पुलिस की जांच में लकी खान और उसके तीन साथियों की भूमिका सामने आई है।

17 नवंबर को मंदिर घूमने गए थे शालिनी और विकास

नईगढ़ी थाने की मर्ग जांच के मुताबिक, 17 नवंबर को शालिनी अपने रिश्तेदार विकास के साथ मोटरसाइकिल से देवलहा क्षेत्र में महाकाल मंदिर घूमने गई थी। सुबह करीब 11:30 बजे लकी खान अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, लकी खान ने चाकू दिखाकर शालिनी और विकास को धमकाया। इसके बाद चारों ने उनसे 10 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर आरोपियों ने दोनों को समदा नाला के जंगल में सुनसान जगह पर ले जाकर पहाड़ी की खाई में धकेल दिया।

पिता ने विकास पर लगाया था एकतरफा प्यार का आरोप

घटना के बाद शालिनी के पिता विष्णु प्रसाद साकेत ने विकास पर हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि शालिनी की शादी मिसिरगवां में तय हो चुकी थी। दिसंबर में फलदान और अप्रैल 2027 में शादी होनी थी।

पिता के मुताबिक, विकास रिश्तेदार होने के कारण घर आता-जाता था। वह शालिनी पर शादी का दबाव बना रहा था और उसकी शादी कहीं दूसरी जगह नहीं होने देने की धमकी भी देता था।

शालिनी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। 17 नवंबर को उसने अपनी छोटी बहन से पेट में दर्द होने और दवा लेने जाने की बात कही थी। इसके बाद वह सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी।

विकास ने बताई थी ब्लैकमेलिंग की कहानी

अस्पताल में दिए बयान और बातचीत में विकास ने बताया था कि शालिनी ने उससे देवलहा प्रपात के पास अष्टभुजी माता मंदिर ले जाने को कहा था। दोनों मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे थे। विकास के मुताबिक, वहां चार लोग आए और बंदूक-चाकू दिखाकर उन्हें पहाड़ी की ओर ले गए।

उसने दावा किया था कि आरोपियों ने मोबाइल से दोनों के फोटो खींचे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 10 हजार रुपए मांगे। विकास ने कहा था कि उसके बैंक खाते में केवल 4 हजार रुपए थे।

विकास ने यह भी दावा किया था कि आरोपियों ने उस पर शालिनी के साथ जबरन संबंध बनाने का दबाव डाला था। इनकार करने पर उसे पहाड़ी से नीचे धक्का दिया गया और फिर शालिनी को भी नीचे फेंक दिया गया। पुलिस के ताजा खुलासे में इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर जांच

नईगढ़ी थाने में उपनिरीक्षक पीडी सोनवंशी ने मर्ग क्रमांक 85/26 के तहत मामले की जांच की। इसमें परिजनों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घायल विकास के बयान शामिल किए गए।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने ऊंचाई से गिरने के कारण आई चोटों की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने विकास के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में लकी खान और उसके तीन साथियों द्वारा चाकू दिखाकर पैसे मांगने और दोनों को खाई में धकेलने का घटनाक्रम सामने आया।

चारों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीमें

एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी लकी खान समेत चारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।


Credit:


मऊगंज में 12वीं की छात्रा की मौत का मामला: लूट के लिए चाकू दिखाया, विरोध पर पहाड़ी से धकेलने का आरोप; 4 आरोपी फरार | Jansampark Time